रामपुरा में ईद-ए-मिलादुन्नबी का जुलूस अकीदत के साथ संपन्न, बच्चों ने पेश की नात-ए-पाक, लंगर का हुआ आयोजन
रामपुरा, नीमच। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के यौमे पैदाइश ईद-ए-मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर आज रामपुरा में मुस्लिम समाज द्वारा एक शानदार जुलूस निकाला गया।
जुलूस नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए मदारबाग पहुंचा। मदारबाग में जुलूस के समापन पर एक रूहानी महफिल सजी।
यहाँ बच्चों ने नात-ए-पाक पेश की – “ले लो सलाम आका हमारा सलाम” पढ़कर सभी के दिलों को खुश कर दिया। इसके बाद सभी ने मिलकर दुरूद-ओ-सलाम पढ़ा और मुल्क में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआ की गई।
जुलूस के समापन के बाद अंजुमन में लंगर और खाने का प्रोग्राम रखा गया था, जिसमें सभी समाजजनों ने मिलकर शिरकत की और एक साथ बैठकर खाना खाया, जो कौमी एकता की मिसाल बना।
यह पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और भाईचारे के साथ संपन्न हुआ। प्रशासन और अंजुमन कमेटी का सहयोग सराहनीय रहा।